देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रायपुर स्थित प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय में संचालित अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। यह केंद्र युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग तथा खेल विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भविष्य में वे प्रत्येक जिले के भ्रमण के दौरान वहां संचालित अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण केंद्रों का भी निरीक्षण करेंगे, ताकि युवाओं को मिल रही सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
युवाओं से सीधा संवाद, जरूरतों पर ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षण अनुभव, दैनिक दिनचर्या और युवाओं को आ रही चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। साथ ही युवाओं से यह भी पूछा कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें किन अतिरिक्त सुविधाओं की आवश्यकता महसूस हो रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण केंद्र में शारीरिक प्रशिक्षण, दौड़ अभ्यास, खेल गतिविधियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों।
निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है, ताकि उत्तराखंड के युवा पूरे आत्मविश्वास के साथ देश की सेवा के लिए चयनित हो सकें।
युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री स्वयं भी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित खेल गतिविधियों में शामिल हुए और युवाओं को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे लगातार अपडेट
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को समय-समय पर अपडेट किया जाए और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की सहायता से युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से और अधिक सशक्त बनाया जाए।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा,
“अग्निवीर योजना देश के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है। हमारी सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड के युवा इस योजना के माध्यम से देश सेवा के साथ-साथ आत्मनिर्भर भी बनें। युवाओं को हर संभव सुविधा और मार्गदर्शन देना हमारी प्राथमिकता है।”
अग्निवीर योजना से निखरता युवाओं का भविष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीर योजना के माध्यम से युवाओं को थलसेना, नौसेना और वायुसेना—तीनों में सेवा का अवसर मिल रहा है। यह योजना युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करती है।
उन्होंने कहा कि सैन्य प्रशिक्षण युवाओं को न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त करता है। कठिन प्रशिक्षण, अनुशासित जीवनशैली और टीम भावना युवाओं में जिम्मेदारी और निर्णय क्षमता विकसित करती है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सेवा अवधि के बाद अग्निवीर प्रशिक्षण प्राप्त युवा विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के लिए सक्षम बनते हैं। सैन्य प्रशिक्षण के दौरान अर्जित अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व और तकनीकी दक्षता उन्हें निजी और सार्वजनिक क्षेत्रों में बेहतर अवसर प्रदान करती है।
