हरिद्वार: हरिद्वार में मां गंगा की स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे अभियानों के बीच इस बार गंगा बंदी के दौरान 100 टन से अधिक कचरा हटाया गया। घाटों और नदी तटों से प्लास्टिक, पूजा सामग्री और पुराने कपड़ों को एकत्रित कर सफाई की गई। वहीं, नमामि गंगे परियोजना के तहत सीवरेज प्रबंधन को मजबूत करने के लिए गंगा में गिरने वाले सभी 22 नालों को टैप कर एसटीपी से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए एसटीपी निर्माण, नाला टैपिंग और जनसहभागिता से सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं।
उत्तराखंड पेयजल निगम के मुताबिक हरिद्वार में 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी संचालित हैं। इसके अलावा शिवालिक नगर में एक और एसटीपी तथा विभिन्न स्थानों पर आठ सीवरेज पंपिंग स्टेशन बनाने की प्रक्रिया चल रही है।
गंगा बंदी के दौरान प्रशासन ने विभिन्न विभागों, धार्मिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और व्यापारिक संगठनों के सहयोग से विशेष सफाई अभियान चलाया। प्रशासन का उद्देश्य गंगा घाटों के साथ नदी तटों पर जमा पुराने कचरे को हटाना और तीर्थक्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखना है।
सरकार का कहना है कि गंगा की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है।

