काशीपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मेगा परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

 

 

 

 

काशीपुर: उत्तराखंड के औद्योगिक और आधारभूत ढांचे को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार को अपने एक दिवसीय काशीपुर दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिडकुल द्वारा विकसित किए जा रहे एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी), हेमपुर नेपा फार्म की 803 एकड़ भूमि, काशीपुर-रामनगर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रस्तावित काशीपुर बाईपास रिंग रोड की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सिडकुल क्षेत्रीय कार्यालय में समीक्षा के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि 133 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में कुल 56 औद्योगिक प्लॉट हैं, जिनमें से 22 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि शेष प्लॉटों के लिए निवेशकों से लगातार पूछताछ हो रही है। लगभग 177 करोड़ रुपये की इस परियोजना का निर्माण कार्य पेयजल निगम द्वारा किया जा रहा है। परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए 45 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की मांग शासन को भेजी गई है। धनराशि प्राप्त होते ही निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने ईएमसी परिसर में पौधारोपण भी किया तथा इसके बाद सिडकुल की हेमपुर नेपा फार्म स्थित 803 एकड़ भूमि का निरीक्षण कर भविष्य की औद्योगिक संभावनाओं और विकास योजनाओं की जानकारी ली।

इसके उपरांत मुख्य सचिव ने काशीपुर-रामनगर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग तथा काशीपुर बाईपास रिंग रोड परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ने बताया कि काशीपुर से रामनगर की ओर 18.26 किलोमीटर लंबाई के फोरलेन मार्ग का निर्माण लगभग 494.45 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। परियोजना का टेंडर पूरा हो चुका है, जबकि भूमि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जारी है। वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है और सैद्धांतिक स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि औद्योगिक निवेश और बेहतर सड़क संपर्क से काशीपुर क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

निरीक्षण के दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल विपिन कुमार, अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग हरीश पंगती, अधिशासी अभियंता महेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेन्द्र नवानी, तहसीलदार पंकज चन्दोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

(Visited 1 times, 1 visits today)