चमोली: उत्तराखंड की ऐतिहासिक व्यापारिक परंपरा और लोक संस्कृति का प्रतीक 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला शनिवार को भव्य रूप से शुरू हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गौचर और गैरसैंण की पेयजल योजनाओं का लोकार्पण करने के साथ ही सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित करने का आश्वासन भी दिया।
गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए उत्तराखंड की लोक परंपराओं की झलक पेश की।
1943 में व्यापार मेले के रूप में हुई थी शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला महज एक वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में इसकी शुरुआत हुई थी। उस दौर में गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और स्थानीय उत्पादों का कारोबार होता था। समय के साथ मेले का विस्तार हुआ और आज यह औद्योगिक तथा सांस्कृतिक पहचान बना चुका है।
उन्होंने कहा कि मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर देता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को बढ़ावा देने का भी प्रभावी मंच है। ऐसे आयोजन स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
पलायन रोकने और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलें। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने पर काम किया जा रहा है। इसके लिए पर्यटन, होमस्टे और फिल्म नीति के साथ सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, दालों, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों का जिक्र करते हुए कहा कि इन उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। उन्होंने इसे स्थानीय उत्पादों और मातृशक्ति के आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़ी उपलब्धि बताया।
सीमांत क्षेत्रों और कनेक्टिविटी को बताया प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने चमोली को बदरी विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और चिपको आंदोलन की जन्मभूमि बताते हुए जिले के ऐतिहासिक एवं सामरिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का उल्लेख किया। उनके मुताबिक, रेल परियोजना पूरी होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सिमली अस्पताल पर कमेटी, प्रेस क्लब के लिए भूमि चयन का आग्रह
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की मांगों पर भी बात की। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित करने और सभी संबंधित पक्षों को सुनने की बात कही। वहीं, प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का आग्रह किया और इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया।
दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण
गौचर मेले के मंच से मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने वाली दो योजनाएं जनता को समर्पित कीं।
-
गौचर नगरीय पेयजल योजना: अमृत 2.0 के तहत कर्णप्रयाग विकासखंड में 32.45 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से तैयार योजना।
-
गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना: गैरसैंण विकासखंड में 459.32 लाख रुपये की लागत से पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत का कार्य।
सरकार के अनुसार, इन योजनाओं से दोनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी।
पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चमोली के ग्राम बमोथ निवासी वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ प्रदान किया। वहीं, देहरादून के बिनसर पब्लिकेशन के वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने दोनों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं दीं और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

