नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का आगाज, रविवार को घाटों पर गूंजेगी सूर्य उपासना

 

 

 

देहरादून: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू हो गया। पर्व की शुरुआत होते ही राजधानी देहरादून में पूर्वांचल समाज के परिवारों में उत्सव का माहौल दिखाई देने लगा है। घरों में साफ-सफाई से लेकर पूजा सामग्री और पारंपरिक प्रसाद तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

छठ पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा, जिसमें अन्न और जल दोनों का त्याग किया जाता है।

रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

रविवार शाम छठ पूजा का प्रमुख आयोजन होगा। देहरादून में टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र, ब्रह्मपुरी, प्रेमनगर, रायपुर नहर और मालदेवता में नदी किनारे बने घाटों पर श्रद्धालु एकत्रित होंगे। व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचकर बांस के सूप और टोकरी में फल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ सहित पारंपरिक पूजन सामग्री सजाकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे।

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न होगा महापर्व

सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद छठ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती पारण कर अपना निर्जला उपवास खोलेंगे।

छठ पूजा में स्वच्छता, पवित्रता और कठिन अनुशासन का विशेष महत्व माना जाता है। इस पर्व में सूर्य देव और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाल भविष्य की कामना की जाती है।

(Visited 1 times, 1 visits today)