कानूनी दबाव बढ़ने पर हाईकोर्ट पहुंचे पूर्व विधायक सुरेश राठौर, अग्रिम जमानत पर पुलिस से जवाब तलब

 

 

 

 

हरिद्वार: देहरादून और हरिद्वार में दर्ज दो आपराधिक मामलों के बाद लगातार जारी हो रहे पुलिस नोटिसों के बीच ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट की शरण ली है। राठौर की ओर से दाखिल अग्रिम जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने दोनों मामलों से जुड़ी विस्तृत जानकारी संबंधित पुलिस से तलब की है।

हाईकोर्ट ने हरिद्वार और देहरादून पुलिस को निर्देश दिए हैं कि वे दर्ज मुकदमों की धाराओं, आरोपों और अब तक की जांच की स्थिति से अदालत को अवगत कराएं। माना जा रहा है कि अदालत से किसी प्रकार की राहत मिलने के बाद ही सुरेश राठौर पुलिस जांच में शामिल होंगे।

दरअसल, अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी एंगल को लेकर सामने आए एक ऑडियो क्लिप के बाद पूर्व विधायक विवादों में घिर गए थे। यह ऑडियो कथित रूप से राठौर और उनकी बताई जा रही पत्नी व अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच बातचीत का बताया जा रहा है, जिसके सार्वजनिक होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।

इस प्रकरण में देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में भाजपा की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, हरिद्वार के बहादराबाद थाने में गुरु रविदास विश्व महापीठ के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार की ओर से भी अलग मुकदमा दर्ज कराया गया है।

दोनों मामलों में पुलिस अब तक कई बार पूछताछ के लिए नोटिस जारी कर चुकी है, लेकिन सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं हुए हैं। इसी बीच सूत्रों का कहना है कि उर्मिला सनावर भी कानूनी विकल्पों पर विचार करते हुए हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रही हैं।

हाईकोर्ट ने राठौर की अग्रिम जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए पुलिस से काउंटर एफिडेविट दाखिल करने को कहा है। संभावना है कि पुलिस द्वारा जवाब दाखिल किए जाने के बाद अगले एक-दो दिनों में मामले पर सुनवाई आगे बढ़ेगी।

फिलहाल, सुरेश राठौर के खिलाफ किसी भी तरह का गैर-जमानती वारंट जारी नहीं किया गया है। उनके करीबी समर्थकों का कहना है कि यदि अदालत से राहत मिलती है तो वह पुलिस के सामने पेश होकर जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

(Visited 975 times, 1 visits today)