जौलजीबी मेले से सीमांत क्षेत्र को विकास की सौगात, 102.72 करोड़ की योजनाओं का तोहफा

 

 

 

पिथौरागढ़: भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्तों की पहचान जौलजीबी मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित इस ऐतिहासिक मेले की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले को 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 24 योजनाओं का शिलान्यास और एक योजना का लोकार्पण शामिल है। साथ ही मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच मजबूत सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्तों की विरासत है। वर्षों से यह मेला दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम कर रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच पुराने व्यापारिक संपर्कों में भी इस मेले की अहम भूमिका रही है।

उन्होंने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि जौलजीबी मेले से उनका विशेष जुड़ाव रहा है। यहां की परंपराएं, लोकसंस्कृति और स्थानीय रीति-रिवाज सीमांत क्षेत्र की विशिष्ट पहचान हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहती है, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।

धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उनका कहना था कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय उत्पादों के जरिए रोजगार तथा स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए योजनाओं को जमीन पर उतारा जा रहा है। सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने के लिए भी प्रयासरत है।

इन प्रमुख परियोजनाओं की रखी गई नींव

शिलान्यास की गई योजनाओं में पिथौरागढ़ में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस), 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, खोतिला और घाटधार क्षेत्र में 36.10 करोड़ रुपये की बाढ़ सुरक्षा योजना तथा रामगंगा नदी पर 8.80 करोड़ रुपये की लागत से मोटर पुल का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं, कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग और हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल और विकास प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। मेले में भारतीय और नेपाली व्यापारियों की भागीदारी के साथ पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

(Visited 8 times, 1 visits today)