एएनआई: मेघालय के राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। इस दिल दहला देने वाले मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच और शिलांग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को आरोपी विशाल सिंह चौहान के इंदौर स्थित घर की तलाशी ली गई।
एसीपी पूनमचंद यादव ने बताया कि तलाशी के दौरान वह कपड़े बरामद हुए हैं, जो विशाल ने वारदात के दिन पहने थे। पूछताछ में विशाल ने हत्या में शामिल होने की बात कबूल की है। अब पुलिस उसके मोबाइल की तलाश में जुटी है, जो इस हत्याकांड की साजिश से जुड़े कई राज़ खोल सकता है।
इस हत्याकांड में गिरफ्तार चारों आरोपी – विशाल सिंह चौहान, आकाश राजपूत, राज सिंह कुशवाहा और आनंद कुर्मी – इस वक्त इंदौर पुलिस की हिरासत में हैं। शिलांग पुलिस ने तीन आरोपियों का ट्रांजिट रिमांड पहले ही हासिल कर लिया था, जबकि चौथे आरोपी आनंद को मंगलवार को पकड़ा गया। अब चारों को शिलांग ले जाया जाएगा, जहां हत्या की गुत्थी को पूरी तरह सुलझाने के प्रयास तेज हो गए हैं।
आरोपी पर मकान मालिक को नहीं यकीन
इंदौर में रहने वाले आरोपी आनंद कुर्मी के मकान मालिक और मालकिन इस घटना से हैरान हैं। मालकिन विमला पटेल ने कहा, “आनंद 4-5 साल से हमारे यहां रह रहा था, मजदूरी करता था। वह ऐसा व्यक्ति नहीं लगता था जो हत्या जैसे अपराध में शामिल हो।”
पत्नी सोनम पर भी हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी को हत्या की साजिश में मुख्य आरोपी के तौर पर गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि सोनम ने ही कथित रूप से सुपारी देकर इस हत्या की योजना रची थी। दंपति हनीमून पर मेघालय गए थे, जहां राजा की रहस्यमयी हालात में मौत हो गई थी और बाद में उनकी लाश बरामद हुई। सोनम को बिहार के पटना में पकड़ा गया था और शिलांग पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जांच में जुटी हुई है।
