उत्तराखंड पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा! दिल्ली में कृषि मंत्री गणेश जोशी की गजेंद्र सिंह शेखावत से खास मुलाकात

 

 



नई दिल्ली: उत्तराखंड के पर्यटन विकास को रफ्तार देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से औपचारिक भेंट की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान मंत्री जोशी ने उन्हें देवभूमि की सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक गंगाजलि और पारंपरिक औद्योगिक उत्पाद भेंट किए।

मंत्री जोशी ने उत्तराखंड में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और नए पर्यटन स्थलों के विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग की मांग रखी। उन्होंने मसूरी और नैनीताल जैसे लोकप्रिय हिल स्टेशनों पर बढ़ते पर्यटक दबाव का मुद्दा उठाया और इनके आसपास के क्षेत्रों में वैकल्पिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर बल दिया।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने मंत्री जोशी के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर को देश-दुनिया से जोड़ने के प्रयासों में केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

यह मुलाकात राज्य में पर्यटन के नए आयाम खोलने की संभावनाओं के साथ केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।

(Visited 1,028 times, 1 visits today)