राजभवन में शिक्षक दिवस पर सम्मान समारोह, 16 शिक्षकों को मिला ‘शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार’

 

 

 

 

देहरादून: शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजभवन, देहरादून में “शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार” सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्ष 2024 के लिए चयनित 16 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। इनमें 09 प्रारंभिक शिक्षक, 05 माध्यमिक शिक्षक, 01 शिक्षक प्रशिक्षक और 01 संस्कृत शिक्षक शामिल हैं।

राज्यपाल का संबोधन

राज्यपाल ने पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे शिक्षक समाज की मेहनत और तपस्या का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और चरित्र के निर्माता भी होते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि माता-पिता के बाद गुरु ही बच्चों के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत को विश्वगुरु बनाने में शिक्षकों की भूमिका निर्णायक होगी।

उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के भटकाव से बचाते हुए उनमें पठन-पाठन, खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों की ओर रुचि जगाएं।

मुख्यमंत्री धामी का संबोधन

मुख्यमंत्री ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को संवारते हैं। उन्होंने ‘शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार’ प्राप्त शिक्षकों को बधाई दी और कहा कि शैलेश मटियानी जी ने अपनी कहानियों और उपन्यासों में पहाड़ और ग्रामीण जीवन के संघर्षों को गहराई से चित्रित किया।

सीएम ने कहा कि गुरु शिष्य के जीवन में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और नैतिकता का बीज रोपित करते हैं। आज के डिजिटल युग में उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को सबसे पहले लागू किया और ‘बाल वाटिका’ व ‘राज्य पाठ्यचर्या रूपरेखा’ के जरिए शैक्षिक क्रांति की शुरुआत की है। बच्चों में कौशल, उद्यमिता और भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने के लिए ‘कौशलम कार्यक्रम’ भी संचालित किया जा रहा है।

शिक्षा मंत्री का संबोधन

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश के 1340 विद्यालयों में वर्चुअल क्लास और 950 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास शुरू हो चुकी हैं। इस वर्ष सभी जिलों में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 550 स्कूलों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं और 22 हजार प्राथमिक शिक्षकों को टेबलेट वितरित किए गए हैं। शिक्षा विभाग में इस वर्ष करीब 9500 भर्तियां भी की जा रही हैं।

कार्यक्रम की विशेष झलक

कार्यक्रम में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रामन ने स्वागत भाषण दिया और अपर सचिव रंजना राजगुरु ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

समारोह में स्वर्गीय शैलेश मटियानी के सुपुत्र राकेश मटियानी एवं गीता मटियानी, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुरस्कृत शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।

(Visited 998 times, 1 visits today)