देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से हैलो हल्द्वानी 91.2 एफ.एम. सामुदायिक रेडियो मोबाइल एप का लोकार्पण किया। उन्होंने इसे उत्तराखंड की शिक्षा और संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने और आत्मनिर्भरता का आधार है। इसी सोच के तहत राज्य के सभी 13 जिलों में उच्च शिक्षा और कौशल विकास केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों से युवा न केवल शिक्षा प्राप्त करेंगे बल्कि रोजगारपरक कौशल भी सीखेंगे।
उन्होंने कहा कि जब विश्वविद्यालय और कौशल विकास केंद्र मिलकर काम करेंगे तो उत्तराखंड के युवा नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनेंगे। यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका साबित होगा।
सीएम धामी ने घोषणा की कि देहरादून में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का प्रमुख केंद्र स्थापित किया जाएगा, जो शिक्षा, प्रशिक्षण, शोध, नवाचार और डिजिटल शिक्षा का हब बनेगा।
इस मौके पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी और आपदा राहत के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 लाख 49 हजार रुपये का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, यूकॉस्ट महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, कुलसचिव खेमराज भट्ट समेत विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
