हरिद्वार में 11 माह की मासूम से दरिंदगी, आरोपी फरार; हायर सेंटर रेफर बच्ची

PHOTO- INDIATV

 

 

 

हरिद्वार : हरिद्वार में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र में 11 माह की मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि गंभीर हालत में बच्ची को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी एक व्यक्ति हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में काम करता है। कुछ दिन पहले बिहार के भागलपुर निवासी सौरभ भी इसी फैक्ट्री में काम करने आया था। उसने पीड़ित परिवार के पास ही किराये पर कमरा लिया हुआ था।

आरोप है कि रविवार देर रात बच्ची रो रही थी और उसकी मां खाना बनाने में व्यस्त थी। इसी दौरान सौरभ बच्ची को चुप कराने के बहाने उठाकर अपने कमरे में ले गया। कुछ देर बाद बच्ची की चीख सुनकर मां वहां पहुंची तो मासूम की हालत देखकर घबरा गई। इसी बीच आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के अनुसार, मामले में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश की जा रही है।

(Visited 78 times, 1 visits today)