सीएम धामी ने विकास कार्यों के लिए दी ₹42 करोड़ की मंजूरी, सड़क, सौर ऊर्जा और धार्मिक स्थलों को मिलेगा लाभ

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों, सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, आपदा राहत और सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए लगभग ₹42 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों से प्रदेश के कई क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और जनहित से जुड़ी योजनाओं को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ की धारचूला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बौन में श्री हयॉ गुरु देव एवं गैरेंग मंदिर के सौंदर्यीकरण और चारदीवारी निर्माण के लिए ₹85 लाख तथा सल्ट विधानसभा क्षेत्र में कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु ₹50.08 लाख की मंजूरी दी है।

हरिद्वार जिले की पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के मेवड़ नागड़ स्थित श्मशान घाट में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए ₹16.49 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

आपदा प्रभावित परिवारों को राहत

देहरादून जिले के ग्राम मझाड़ा/कार्लीगाड़ में दैवीय आपदा से प्रभावित 14 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर किराये के भवनों में रखने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹3.36 लाख की स्वीकृति दी गई है। यह सहायता छह माह तक प्रति परिवार ₹4000 प्रतिमाह की दर से प्रदान की जाएगी।

सड़क और संपर्क मार्गों को मिलेगा बल

उधमसिंहनगर जिले के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में नगला-लालपुर मोटर मार्ग से इंदरपुर (अम्बेडकर कॉलोनी) तक सड़क के पुनर्निर्माण के लिए ₹85.49 लाख मंजूर किए गए हैं।

वहीं चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण इलाकों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए ₹4.38 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।

सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर बड़ा निवेश

मुख्यमंत्री ने सरकारी भवनों पर 5.5 मेगावाट क्षमता के ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के लिए ₹35.24 करोड़ की मंजूरी दी है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹14.10 करोड़ जारी किए जाएंगे।

इसके अलावा विभिन्न जनपदों के सार्वजनिक स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट और सोलर हाई मास्ट संयंत्रों की स्थापना के लिए ₹38 करोड़ की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त में ₹15.20 करोड़ जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

उरेडा के माध्यम से शासकीय भवनों में सोलर वाटर हीटर संयंत्र लगाने के लिए ₹6.76 करोड़ की मंजूरी दी गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹2.70 करोड़ जारी किए जाएंगे।

आदि कैलाश क्षेत्र में विकसित होंगी सुविधाएं

पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विकासखंड स्थित आदि कैलाश मंदिर क्षेत्र में बाहरी मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण के लिए ₹3.28 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा।

(Visited 1 times, 1 visits today)