आपदा से जंग का गुर सीखने पहुंचे प्रशिक्षु IPS: SDRF मुख्यालय में लिया रियल-टाइम ट्रेनिंग का अनुभव

 

 

 

देहरादून: 25 अप्रैल 2026 को सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के 78वें आरआर बैच के 84 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों ने जॉलीग्रांट स्थित राज्य आपदा प्रतिवादन बल मुख्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान भावी अधिकारियों को आपदा प्रबंधन की जमीनी हकीकत, त्वरित निर्णय क्षमता और समन्वित बचाव प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।

यह शैक्षणिक भ्रमण उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जबकि दल का नेतृत्व अकादमी के उप निदेशक अरविंद सुकुमार ने किया।

SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने अधिकारियों को संगठन की कार्यप्रणाली, संरचना और आपदा के समय अपनाई जाने वाली त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्य में SDRF, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के बीच बेहतर समन्वय की अहमियत पर जोर दिया।

प्रशिक्षु अधिकारियों को सिलक्यारा टनल रेस्क्यू, धराली और रेणी जैसे चुनौतीपूर्ण बचाव अभियानों की जानकारी दी गई, जहां कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बीच राहत कार्य किए गए।

इस दौरान आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों का लाइव प्रदर्शन भी किया गया, जिससे अधिकारियों को नई तकनीकों के उपयोग की जानकारी मिली। साथ ही उत्तराखंड की कानून व्यवस्था, पुलिसिंग प्रणाली और आपदा के दौरान पुलिस की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।

मालदीव, नेपाल और भूटान सहित विभिन्न देशों से आए प्रशिक्षु अधिकारियों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि यहां उन्हें आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला, जो उनके प्रशिक्षण को और मजबूत बनाएगा।

 
(Visited 813 times, 1 visits today)