उत्तराखंड दौरे पर आएंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, किसानों से संवाद और योजनाओं की करेंगे समीक्षा

 

 

 

नई दिल्ली/देहरादून: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 26 जून को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ किसानों से सीधे संवाद पर केंद्रित रहेगा।

दौरे की शुरुआत पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन से होगी, जहां केंद्रीय मंत्री पूर्व विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे और कृषि क्षेत्र में विश्वविद्यालय के योगदान पर चर्चा करेंगे।

इसके बाद रुद्रपुर में “खेत बचाओ अभियान” के तहत श्री चौहान किसानों के बीच पहुंचकर खेतों का निरीक्षण करेंगे, फसलों की स्थिति का जायजा लेंगे और कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर किसानों से सीधा संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान भी मौजूद रहेंगे।

कृषि और ग्रामीण विकास योजनाओं की होगी समीक्षा

दौरे के दौरान पंतनगर में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच उच्चस्तरीय बैठक भी आयोजित होगी। बैठक में राज्य में कृषि के समग्र विकास, किसान हितों, ग्रामीण विकास योजनाओं और केंद्र-राज्य समन्वय से संचालित परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

बैठक में इस बात की भी समीक्षा होगी कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है तथा किन क्षेत्रों में और अधिक गति देने की आवश्यकता है।

केंद्रीय मंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब उत्तराखंड में कृषि आधुनिकीकरण, प्राकृतिक खेती, कृषि आधारित स्वरोजगार और ग्रामीण विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण पहलें संचालित की जा रही हैं। ऐसे में उनके दौरे को राज्य के कृषि एवं ग्रामीण विकास क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

(Visited 4 times, 1 visits today)