देहरादून: विकास की दौड़ में पर्यावरण संरक्षण को पीछे नहीं छोड़ा जा सकता। विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना समय की जरूरत है। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। मुख्यमंत्री पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी और यात्रा में शामिल साइकिल यात्रियों का स्वागत करते हुए अभियान की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि 47 दिनों तक साइकिल के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाना समर्पण और दृढ़ संकल्प का उदाहरण है। यह अभियान महज दूरी तय करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का माध्यम बना।
मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के ऐतिहासिक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों की प्राकृतिक और भौगोलिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए साझा प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने डॉ. जोशी के संदेश ‘प्रकृति ही प्रभु है’ को भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना बताया।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, जंगलों और जैव विविधता से है। राज्य सरकार विकास योजनाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है। नौले-धारे, चाल-खाल और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण में जनभागीदारी के साथ महिलाओं और युवाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) की अवधारणा को भी विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
वहीं, डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई इस यात्रा में 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। 47 दिनों के दौरान नेपाल समेत भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से ज्यादा गांवों तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया।
आपदा प्रबंधन पर जुटेंगे देश-विदेश के विशेषज्ञ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया। यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल रेस्क्यू अभियान की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
‘सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक’ थीम पर होने वाले सम्मेलन में आपदा का पूर्वानुमान, तैयारियां, आधुनिक तकनीक और आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अनुभव, तकनीक और नवाचारों को साझा करना है।

