TMP: दिल्ली के लाल किले के पास हुए भीषण कार धमाके के बाद उत्तराखंड पुलिस सतर्क मोड में आ गई है। पुलिस महानिदेशक (DGP) उत्तराखंड ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया है। सभी जिलों को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सीमाओं और संवेदनशील स्थलों पर बढ़ी निगरानी
राज्य के सभी जिलों में अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं, संवेदनशील धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल्स और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
चीता मोबाइल और बम निरोधक दस्ते सक्रिय
सभी जिलों में चीता मोबाइल यूनिट्स, पेट्रोलिंग टीमें, बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वाड को सक्रिय कर दिया गया है। इनकी टीमें लगातार तलाशी और चेकिंग अभियान चला रही हैं।
पुलिस मुख्यालय से राज्यव्यापी मॉनिटरिंग
राज्य स्तर पर सभी गतिविधियों की निगरानी पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से की जा रही है। जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गश्त बढ़ाई जाए, सोशल मीडिया पर अफवाहों पर नजर रखी जाए, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा की जाए।
DGP की अपील – अफवाहों से बचें, संदिग्ध दिखे तो तुरंत सूचना दें
पुलिस महानिदेशक ने प्रदेशवासियों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना निकटतम पुलिस थाने या डायल 112 पर तुरंत दें।
