- हरिद्वार से चमोली जा रही थी बस
- गूलर घाटी के पास हुआ हादसा
- पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 26 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस 17 नवंबर की सुबह करीब 4:30 बजे हरिद्वार से चमोली के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग 6:30 बजे बस गूलर घाटी के पास पहुंची, जहां चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बस पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान चलाकर खाई में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।
पुलिस से प्राप्त शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि 26 लोग घायल हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

