पांवटा-कुल्हाल बॉर्डर पर बवाल: बैरिकेड तोड़ने और पुलिस पर वाहन चढ़ाने की कोशिश, अज्ञात निहंगों पर मुकदमा

 

 

 

 

देहरादून/विकासनगर: पांवटा-कुल्हाल सीमा पर कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात निहंगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि गुरुवार रात हथियारों से लैस निहंगों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी, शस्त्र लहराकर पुलिसकर्मियों को डराने का प्रयास किया और बैरिकेडिंग के पास खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त करते हुए पुलिस बल पर वाहन चढ़ाने की भी कोशिश की।

कुल्हाल चौकी प्रभारी वैभव गुप्ता की तहरीर के आधार पर दर्ज मुकदमे में कहा गया है कि कर्णप्रयाग में निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद सोशल मीडिया पर 25 जून को बड़ी संख्या में कर्णप्रयाग कूच करने की अपील की गई थी। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पांवटा-कुल्हाल सीमा पर नागरिक पुलिस, पीएसी और आईटीबीपी की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की थी।

पुलिस के अनुसार निहंगों के साथ कई दौर की वार्ता की गई और उन्हें बिना शस्त्र तथा छोटे-छोटे समूहों में चारधाम यात्रा करने का प्रस्ताव दिया गया, ताकि यात्रा व्यवस्था प्रभावित न हो और अन्य श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। हालांकि, पुलिस का कहना है कि उन्होंने यह प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया और शस्त्रों के साथ समूह में यात्रा करने पर अड़े रहे। साथ ही उन्होंने कथित तौर पर कहा कि कर्णप्रयाग में गिरफ्तार साथियों की जमानत होने तक वे वापस नहीं लौटेंगे।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद निहंग नए बल्लूपुर–दून–पांवटा फोरलेन मार्ग से आगे बढ़े, जहां पहले से बैरिकेडिंग लगाई गई थी। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने तलवार, फरसा, भाले और कुल्हाड़ियां लहराते हुए पुलिस को डराने का प्रयास किया, बैरिकेडिंग तोड़ दी और तेज रफ्तार में वाहन निकालते हुए आगे बढ़ गए। इस दौरान कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।

पुलिस ने यह भी आरोप लगाया कि बैरिकेडिंग तोड़ते समय कुछ वाहन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ाए गए, जिससे उनकी जान खतरे में पड़ गई। घटना के बाद सीमा क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आम लोगों में भी दहशत फैल गई।

विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि अज्ञात निहंगों के खिलाफ लोकसेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, उपद्रव, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज, सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है।

(Visited 1 times, 1 visits today)