कोटद्वार में हाथियों का आतंक, सिद्धबली मंदिर गेट तक पहुंचा झुंड; हाईवे किनारे गुलदार की भी दस्तक

 

 

 

 

कोटद्वार: कोटद्वार के सिद्धबली-सनेह मार्ग पर जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। गुरुवार देर रात एक बार फिर हाथियों का झुंड सिद्धबली मंदिर के प्रवेश द्वार तक पहुंच गया। इस दौरान हाथियों ने मार्ग से गुजर रहे कुछ लोगों को भी दौड़ा दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों का झुंड पहले खोह नदी में पानी पीने पहुंचा और उसके बाद जंगल लौटने के बजाय ग्रास्टनगंज होते हुए सिद्धबली मंदिर की ओर बढ़ गया। इसी दौरान सिद्धबली-सनेह मार्ग से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों की ओर भी हाथी बढ़े। हालांकि, दोनों के बीच पर्याप्त दूरी होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

देर रात तक हाथियों का झुंड सिद्धबली धर्मशाला के आसपास घूमता रहा। बताया जा रहा है कि झुंड के साथ एक हाथी का बच्चा भी है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चे के साथ होने पर हाथी अधिक संवेदनशील और आक्रामक हो सकते हैं, इसलिए ऐसे समय उनसे दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।

गुलदार की मौजूदगी से बढ़ी चिंता

सिर्फ हाथी ही नहीं, बल्कि सिद्धबली के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस चेक पोस्ट के आसपास गुलदार की गतिविधियां भी लगातार देखी जा रही हैं। चार दिन पहले गुलदार ने एक व्यक्ति पर हमला भी किया था, जिसके बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

वन विभाग और पुलिस की अपील

वन विभाग और पुलिस रात के समय लोगों को सिद्धबली-सनेह मार्ग पर अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दे रहे हैं। अधिकारियों ने अपील की है कि यदि आबादी में हाथी या अन्य जंगली जानवर दिखाई दें तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें और किसी भी स्थिति में उनके करीब जाने या उन्हें उकसाने का प्रयास न करें।

(Visited 1 times, 1 visits today)