उत्तराखंड में डिजिटल जनगणना 2027 की शुरुआत: CM धामी ने खुद की ‘Self Enumeration’ कर दिया बड़ा संदेश

 

 

 

 

देहरादून: CM पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में जनगणना 2027 के तहत अपनी स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया पूरी कर राज्य में इस महत्वपूर्ण अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी। इस दौरान जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें डिजिटल प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना की ओर बढ़ रहा है, जो पारदर्शिता, सटीकता और जनभागीदारी को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने इसे डिजिटल भारत की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना 2027 का पहला चरण ‘हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना’ (HLO) है, जिसके तहत आवासीय स्थिति, मूलभूत सुविधाओं और घरेलू विवरणों का डेटा एकत्र किया जा रहा है। इस बार नागरिकों को ‘स्व-गणना’ की सुविधा दी गई है, जिसके माध्यम से वे ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह डेटा भविष्य की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा, इसलिए इसकी शुद्धता अत्यंत आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा,

“जनगणना 2027 देश के विकास की आधारशिला है। डिजिटल माध्यम से की जा रही यह जनगणना पारदर्शिता और सटीकता को सुनिश्चित करेगी। मैं प्रदेशवासियों से आग्रह करता हूं कि वे स्वयं आगे आकर स्व-गणना करें और इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनें।”

उन्होंने नागरिकों से स्व-गणना पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने और अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करने का आग्रह किया। साथ ही भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी आंकड़ों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल उत्तराखंड में डिजिटल सशक्तिकरण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर गीता धामी, निदेशक (जनगणना संचालन) ईवा श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 
 
(Visited 2,265 times, 1 visits today)