एएनआई: भारत की विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने 7 साल की उम्र पूरी कर चुके बच्चों के लिए आधार कार्ड में बायोमीट्रिक अपडेट (MBU) कराना अनिवार्य कर दिया है। जिन बच्चों का बायोमीट्रिक अपडेट नहीं हुआ है, उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर UIDAI ने SMS भेजने शुरू कर दिए हैं। अभिभावक नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाकर बच्चों की जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
फ्री में होगा अपडेट, देर पर देना होगा शुल्क
पांच साल की उम्र से पहले बच्चों का फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन नहीं लिया जाता, लेकिन पांच से सात साल की उम्र में यह बायोमीट्रिक अपडेट फ्री में किया जा सकता है। अगर बच्चा सात साल का होने के बाद अपडेट कराता है तो 100 रुपये शुल्क देना होगा। समय पर अपडेट न कराने पर आधार नंबर निष्क्रिय किया जा सकता है।
क्यों जरूरी है समय पर अपडेट?
UIDAI ने कहा है कि समय पर अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट बच्चों के डाटा की सटीकता और पहचान की विश्वसनीयता के लिए बेहद जरूरी है। यह अपडेट बच्चों की भविष्य में पढ़ाई, सरकारी योजनाओं और पहचान से जुड़ी सुविधाओं का लाभ लेने में मदद करेगा। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द बच्चों का MBU कराएं।
