सीएम धामी ने जल शक्ति मंत्री से की मुलाकात, 5 जल विद्युत परियोजनाओं के क्रियान्वयन का आग्रह

 

 

नई दिल्ली:  उत्तराखण्ड में ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने और राज्य के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार देर शाम नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्देशित विशेषज्ञ समिति की संस्तुति के आधार पर चयनित 21 जल विद्युत परियोजनाओं में से 5 महत्वपूर्ण परियोजनाओं के क्रियान्वयन की अनुमति प्रदान किए जाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन जल विद्युत परियोजनाओं से न केवल राज्य की ऊर्जा आवश्यकता पूरी होगी, बल्कि इससे रोजगार, स्थानीय विकास और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग का मार्ग भी खुलेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन पर्यावरणीय संतुलन और विधिसम्मत प्रक्रियाओं के अनुसार सुनिश्चित किया जाएगा।

इस पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री  सी.आर. पाटिल ने मुख्यमंत्री को सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिलाया और कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य की ऊर्जा संभावनाओं को साकार करने में केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

राज्य की जल विद्युत परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री धामी की यह पहल उत्तराखण्ड के लिए ऊर्जा आत्मनिर्भरता, सतत विकास और स्थानीय रोजगार की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। अब नजरें केंद्र की ओर हैं, जहां इन प्रस्तावों को हरी झंडी मिलने की उम्मीद है।

(Visited 499 times, 1 visits today)