आईएएनएस: भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस Mark-1A के निर्माण में तेजी आने वाली है। अमेरिका ने इसके लिए जेट इंजन की सप्लाई शुरू कर दी है। सोमवार को HAL को अमेरिकी कंपनी से GE-404 इंजन की दूसरी खेप मिली, जिससे तेजस प्रोजेक्ट को रफ्तार मिलेगी। इस वित्त वर्ष के अंत तक HAL को 12 इंजन और मिलेंगे, जिन्हें तेजस Mark-1A में लगाया जाएगा।
भारतीय वायुसेना को जल्द मिलेंगे नए लड़ाकू विमान
भारतीय वायुसेना ने HAL को 83 तेजस Mark-1A लड़ाकू विमानों का ऑर्डर दिया है। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह पहले ही इन विमानों की सप्लाई में देरी को लेकर चिंता जता चुके थे। अब इंजन मिलने से HAL जल्द सप्लाई शुरू कर सकेगी और वायुसेना की ताकत बढ़ाई जा सकेगी।
जरूरी है तेजस की डिलीवरी?
भारतीय वायुसेना को पुराने पड़ चुके विमानों की जगह नए लड़ाकू विमानों की जरूरत है। स्वदेशी तेजस Mark-1A का निर्माण और समय पर डिलीवरी वायुसेना की ऑपरेशनल क्षमता को मजबूत करेगी। HAL ने कहा है कि इंजन की सप्लाई शुरू होने से तेजस की डिलीवरी में आ रही रुकावटें दूर होंगी और वायुसेना को समय पर विमान मिल सकेंगे।
