देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) एवं श्रम विभाग द्वारा विकसित श्रमिक प्रशिक्षण प्रबंधन प्रणाली (Training Management System – TMS) पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल पंजीकृत श्रमिकों और उनके आश्रित परिवारजनों के कौशल विकास को तकनीक आधारित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से इस पोर्टल को विकसित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कौशल प्रशिक्षण के बाद श्रमिकों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी अन्य जरूरतों पर भी गंभीरता से काम किया जाए, ताकि प्रशिक्षण का वास्तविक लाभ श्रमिकों को मिल सके।
रोजगार से जुड़ेगा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने राज्य के उद्यमियों से नियमित फीडबैक लेने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बाजार की मांग और रोजगार की आवश्यकताओं से जोड़ा जाए। साथ ही प्लम्बर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन जैसे व्यावसायिक क्षेत्रों में क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें और पलायन पर भी अंकुश लगे।
उन्होंने प्रशिक्षण के बाद फॉरवर्ड लिंकेज को मजबूत करने पर जोर देते हुए श्रम विभाग द्वारा संचालित डीबीटी योजनाओं की सराहना की और UKBOCW को अपनी आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।
कैसे काम करेगा TMS पोर्टल
श्रम विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दंकी ने बताया कि विभाग मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप सभी योजनाओं को अधिक पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।
इस अवसर पर श्रमायुक्त पी.सी. दुमका ने पोर्टल की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि TMS के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदाताओं, प्रशिक्षण केंद्रों, प्रशिक्षकों और मूल्यांकनकर्ताओं का चयन भारत सरकार में इम्पैनल्ड एवं प्रमाणित संस्थाओं/व्यक्तियों से पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रमों की उपस्थिति और मूल्यांकन भी डिजिटल माध्यम से सुनिश्चित होंगे।
TMS पोर्टल से होंगे ये लाभ
-
प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पूर्ण पारदर्शिता
-
डुप्लीकेसी पर प्रभावी रोक
-
प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार
-
प्रशिक्षित श्रमिकों का केंद्रीकृत डाटाबेस
-
प्रशिक्षण प्रदाताओं व अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु सहित श्रम विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
