ऋषिकेश में अवैध रूप से रह रहा बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, फर्जी आधार बनाकर छुपा रहा था पहचान

 

 

 

ऋषिकेश: लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी पहचान के सहारे कई वर्षों से देश में रह रहा था।

थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी के अनुसार ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस और अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम रामझूला क्षेत्र में सत्यापन अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई, जिसकी जानकारी संदिग्ध पाई गई।

कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सनीउर रहमान उर्फ सत्यनिष्ठ साधु निवासी फरीदपुर, बांग्लादेश के रूप में बताई। जांच में खुलासा हुआ कि वह वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा के भारत में अवैध रूप से रह रहा था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छुपाने के लिए सत्यनिष्ठ आर्य नाम से गाजियाबाद के पते पर फर्जी आधार कार्ड बनवा रखा था। उसके पास से एक बांग्लादेशी पासपोर्ट भी बरामद हुआ, जिसकी वैधता 2018 में समाप्त हो चुकी थी। इसके अलावा मोबाइल फोन और टैबलेट भी बरामद किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिम बंगाल समेत कई स्थानों पर रह चुका है और हाल ही में घूमने के लिए ऋषिकेश पहुंचा था।

बिचौलिये की तलाश जारी

वहीं, दो दिन पहले पकड़ी गई बांग्लादेशी महिला को भारत लाने वाले बिचौलिये का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर उसे नौकरी का झांसा देकर भारत लाया गया था। भरत सिंह रावत ने बताया कि बिचौलिये की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 
 
(Visited 2,207 times, 1 visits today)