देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। राजधानी में सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर पुलिस ने शहर में निगरानी बढ़ा दी है और विशेष तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है।
दून पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें या अफवाहें फैलाने वालों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में प्रेमनगर थाना पुलिस ने एक फर्जी पत्र वायरल करने के मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक निजी शिक्षण संस्थान के लेटरहेड पर वायरल एक पत्र में यह दावा किया गया था कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में शामिल होने वाले छात्रों को इंटरनल परीक्षा में 50 अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।” पत्र में शिक्षण संस्थान के नाम और हस्ताक्षर का दुरुपयोग किया गया था, जो पूरी तरह फर्जी और भ्रामक पाया गया।
देवभूमि उत्तराखंड यूनिवर्सिटी, प्रेमनगर के कुलसचिव सुभाषित गोस्वामी ने पुलिस को शिकायत दी कि उनके संस्थान द्वारा ऐसा कोई पत्र जारी नहीं किया गया है और वायरल लेटर पूरी तरह फर्जी है। शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले पर एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सोशल मीडिया की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि “जो भी व्यक्ति इस तरह की भ्रामक या झूठी जानकारी फैलाने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
एसएसपी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट या संदिग्ध जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करें और ऐसी सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को अवगत कराएं।
राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह के मद्देनजर देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर की गई है। शहर के प्रमुख मार्गों, आयोजन स्थल एफआरआइ और आसपास के इलाकों में पुलिस, एसपीजी और खुफिया एजेंसियों की तैनाती की गई है ताकि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान कोई भी सुरक्षा चूक न हो।
