840 राजकीय विद्यालयों की वर्चुअल एंड स्मार्ट क्लासरूम से छात्रों को नई उड़ान, ब्रिगेडियर गोविंद सिंह से मिला NDA–CDS का मार्गदर्शन

 

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड के 840 राजकीय विद्यालयों में हाइब्रिड मोड में संचालित वर्चुअल एंड स्मार्ट क्लासरूम व्यवस्था के माध्यम से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में आज राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, ननूरखेड़ा स्थित वर्चुअल एंड स्मार्ट क्लासरूम स्टूडियो से छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं के तनाव को कम करना और NDA व CDS जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम में ब्रिगेडियर गोविंद सिंह ने वर्चुअल माध्यम से विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने छात्रों को परीक्षा के दबाव से निपटने के व्यावहारिक तरीके बताए, समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के महत्व पर जोर दिया तथा लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वर्चुअल एंड स्मार्ट क्लासरूम व्यवस्था से जहां एक ओर राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है, वहीं दूसरी ओर छात्रों में पढ़ाई के प्रति रुचि और आत्मविश्वास भी बढ़ा है। आज विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है और विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर मिल रहा है।

बोर्ड परीक्षाएं नजदीक होने के कारण कक्षा 10वीं और 12वीं के कई विद्यार्थी अपने अंकों और भविष्य को लेकर तनाव महसूस करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए 30 जनवरी को यह विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उल्लेखनीय है कि ब्रिगेडियर गोविंद सिंह 26/11 मुंबई ताज होटल आतंकी हमले के दौरान अग्रिम मोर्चे पर सेना का नेतृत्व कर चुके हैं। उनके साहसिक अनुभवों और जीवन यात्रा ने छात्रों को गहराई से प्रेरित किया। साथ ही उनका मार्गदर्शन भविष्य में NDA और CDS जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सेना में करियर की इच्छा रखने वाले छात्रों को सही दिशा देना, बोर्ड परीक्षार्थियों को तनाव से उबरने के लिए प्रेरित करना तथा विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना रहा।

(Visited 1,511 times, 1 visits today)