देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से छात्र कौशल संवर्धन के उद्देश्य से लैब ऑन व्हील्स (इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड) को फ्लैग ऑफ किया। यह मोबाइल लैब प्रदेश के छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और अन्य उभरती तकनीकों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल छात्रों को लर्निंग बाई डूइंग के माध्यम से आधुनिक तकनीकी कौशल सीखने का अवसर देगी। लैब ऑन व्हील्स न केवल छात्रों को हैंड्स-ऑन अनुभव उपलब्ध कराएगी, बल्कि विज्ञान विषय के विभिन्न प्रयोगों को वर्चुअल मोड में समझने में भी सहायता करेगी।
इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड लैब ऑन व्हील्स अगले पांच वर्षों तक राज्य भर के शैक्षणिक संस्थानों में जाकर छात्रों को जागरूक करेगी, उन्हें प्रशिक्षण देगी और वैश्विक अवसरों से जोड़ने का कार्य करेगी। इससे राज्य में व्यावहारिक प्रशिक्षण की कमी काफी हद तक दूर होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और विद्यालयी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों—सभी के लिए उपयोगी साबित होगी और राज्य के युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, प्रमोद नैनवाल, उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, सचिव उच्च शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, उच्च शिक्षा व तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा इंफोसिस के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।