देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के समग्र विकास को गति देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए सड़क सुरक्षा, सौंग बांध निर्माण, आपदा राहत, मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन तथा नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए लगभग 195 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है।
सौंग बांध पेयजल परियोजना व सड़क सुरक्षा के लिए 176.91 करोड़
“पूंजी निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता” (SASCI) योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन सौंग बांध पेयजल परियोजना के अवस्थापना निर्माण कार्यों के लिए 103.80 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करने की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा अनुरक्षण मद में 73.11 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु 9.13 करोड़
राज्य में नए आपराधिक कानूनों के सुचारु और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलों एवं प्रशिक्षण केंद्रों में वर्चुअल कंप्यूटर लैब की स्थापना तथा फॉरेंसिक वर्कस्टेशन बनाए जाएंगे। इसके लिए
-
वर्चुअल कंप्यूटर लैब स्थापना हेतु 4.83 करोड़ रुपये
-
फॉरेंसिक वर्कस्टेशन के लिए हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर एवं सॉल्यूशंस की खरीद हेतु 4.30 करोड़ रुपये
स्वीकृत किए गए हैं।
धराली आपदा प्रभावितों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 6.67 करोड़ से अधिक
जनपद उत्तरकाशी की तहसील भटवाड़ी अंतर्गत ग्राम धराली में 5 अगस्त को आई प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं भवनों के प्रभावितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 6 करोड़ 60 लाख 96 हजार 800 रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त धराली, मुखवा एवं हर्षिल क्षेत्रों में कृषि भूमि क्षति के लिए 64 प्रभावितों को 6 लाख 72 हजार 24 रुपये की अतिरिक्त राहत राशि प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर संबंधित शासनादेश भी जारी कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन हेतु 2.21 करोड़
मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित नौ योजनाओं के लिए 2.21 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रमुख स्वीकृतियों में—
-
उत्तरकाशी जनपद के पुरोला क्षेत्र में धौला से इस्त्रागाड़-चांगशील पर्यटन मार्ग मरम्मत हेतु 43.99 लाख रुपये
-
पिथौरागढ़ जनपद के मुनस्यारी विकासखंड में धापा से क्वीरी तक संपर्क मार्ग निर्माण हेतु 54.77 लाख रुपये
-
देहरादून जनपद के चकराता क्षेत्र में समाज कल्याण विभाग से जुड़ी सात योजनाओं हेतु 1.22 करोड़ रुपये शामिल हैं।
बागेश्वर जिले में तीन मोटर मार्गों के नाम बदले
मुख्यमंत्री ने जनपद बागेश्वर के तीन मोटर मार्गों के नाम परिवर्तन का भी अनुमोदन किया है—
-
काण्डे थपलिया मोटर मार्ग → स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. राम सिंह गडिया मोटर मार्ग
-
करूली बैण्ड से गाजली बिजौरिया मोटर मार्ग → शहीद स्व. रामदत्त पाण्डेय मोटर मार्ग
-
बिलखेत गैराड़ (कलनाबैण्ड पंतक्वैराली) मोटर मार्ग → स्व. हीरा सिंह धपोला मोटर मार्ग
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और जनहितकारी बनाना है, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर सके।