देहरादून: सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में करीब तीन दशक तक सेवाएं देने के बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रईस अहमद सेवानिवृत्त हो गए। उनके सेवानिवृत्त होने पर विभाग की ओर से विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके लंबे सेवाकाल और योगदान की सराहना की।
महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि किसी भी विभाग की व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में प्रत्येक कर्मचारी की अहम भूमिका होती है। चतुर्थ श्रेणी कार्मिक भी विभागीय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि रईस अहमद ने लगभग 30 वर्षों तक निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाए। उनका कार्यकाल अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
तिवारी ने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन किसी कर्मचारी का अनुभव, व्यवहार और विभाग के प्रति उसका योगदान हमेशा याद रखा जाता है। उन्होंने रईस अहमद के स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने रईस अहमद के साथ काम करने के अनुभव साझा किए। उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह के दौरान माहौल आत्मीय और भावुक रहा।

