देहरादून में ज़हर बनकर बिक रहा था पनीर! FDA ने की बड़ी कार्रवाई, 500 किलो मिलावटी पनीर जब्त

 

 

देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग (FDA) ने मिलावटखोरों के खिलाफ एक बड़ी और साहसिक कार्रवाई करते हुए 500 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया है। यह पनीर बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में खुले में ढोया जा रहा था, जो न केवल खाद्य सुरक्षा मानकों के विरुद्ध है बल्कि लोगों की सेहत के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता था।

FDA अधिकारियों मनीष सयाना और रमेश सिंह ने निरंजनपुर मंडी पुलिस चौकी प्रभारी प्रमोद भंडारी के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया। भंडारीबाग क्षेत्र में एक सफेद हुंडई इयोन वैन की तलाशी के दौरान, कार की डिग्गी और सीटों से बिना किसी ठंडा रखने की व्यवस्था के, प्लास्टिक की गंदगीभरी बोरियों में रखा गया 500 किलो पनीर बरामद हुआ।

पनीर का भौतिक परीक्षण करने पर उसे मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया। वैन में मौजूद व्यक्ति, मोहम्मद इरशाद, कोई भी वैध दस्तावेज—जैसे निर्माण स्थल, वितरण लाइसेंस या ब्रांड संबंधी जानकारी—प्रस्तुत नहीं कर सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए पनीर के नमूनों को राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा गया, जबकि बाकी पनीर को कारगी चौक ट्रेचिंग ग्राउंड में नष्ट कर दिया गया।

FDA आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा, “मिलावटी खाद्य पदार्थों के प्रति हमारी नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ है। हम उपभोक्ताओं की जान के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश जाता है कि राज्य अब खाद्य सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है।”

FDA के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने भी कहा कि “यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि बाजार में अब भी घटिया और नकली खाद्य उत्पादों को खपाने की कोशिश हो रही है, लेकिन विभाग हर स्तर पर निगरानी रखे हुए है।”

FDA ने की आम जनता से अपील

विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि वे किसी दुकान, होटल, ढाबे या डेयरी में संदिग्ध खाद्य सामग्री या गतिविधि देखें, तो तत्काल FDA की हेल्पलाइन या नजदीकी खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सूचित करें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

गर्मी के मौसम में जब खाद्य पदार्थ जल्दी खराब होते हैं, ऐसे में मिलावट और लापरवाही सीधे तौर पर स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकती है। यह कार्रवाई न केवल एक बड़ी मिलावट को रोकने में सफल रही, बल्कि यह भी दर्शाती है कि उत्तराखंड प्रशासन अब मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।

(Visited 256 times, 1 visits today)