देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के ननूरखेड़ा स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित 63वें होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रैतिक परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की स्मारिका-2025 तथा विभागीय कैलेंडर-2026 का विमोचन किया। उन्होंने सेवा प्रदत्त एवं दिवंगत होमगार्ड जवानों के आश्रितों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होमगार्ड्स स्वयंसेवकों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
-
होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को वर्दी भत्ता अनुमन्य किया जाएगा।
-
अंतरजनपदीय ड्यूटी में तैनात होमगार्ड्स को मिलने वाला भोजन भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रतिदिन किया जाएगा।
-
नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण भत्ता 50 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये प्रतिदिन किया जाएगा।
कल्याणकारी फैसलों की श्रृंखला
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पहली बार:
-
होमगार्ड्स जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश देने का निर्णय लिया है।
-
महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश की सुविधा प्रदान की गई है।
-
पुलिस और एनडीआरएफ की भांति 9 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर तैनात होमगार्ड्स को 200 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
-
एसडीआरएफ के साथ प्रशिक्षित होमगार्ड्स जवानों को 100 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन भत्ता दिया जा रहा है।
“हर परिस्थिति में निभाते हैं कर्तव्य”
मुख्यमंत्री ने 63वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रस्तुत रैतिक परेड अत्यंत गौरवशाली रही और उसमें जवानों के राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण, साहस और अनुशासन की उत्कृष्ट झलक देखने को मिली।
उन्होंने कहा कि होमगार्ड्स जवान बरसात, ठंड, गर्मी और आपदा जैसी हर परिस्थिति में पूरे धैर्य और निष्ठा के साथ सुरक्षा व्यवस्था एवं जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन करते हैं।
धार्मिक आयोजनों और आपदा प्रबंधन में अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स जवान:
-
यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था बनाए रखने में,
-
कुंभ, कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने में,
-
चारधाम यात्रा और हरिद्वार में स्थापित होमगार्ड्स हेल्प डेस्क के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता में,
-
तथा प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जवानों के हौसले, त्याग और समर्पण को उचित सम्मान दे रही है और आगे भी होमगार्ड्स के हित में पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करती रहेगी।
