कोटद्वार को मिली बड़ी सौगात: डाक घर पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) का शुभारंभ, अब घर के पास मिलेंगी पासपोर्ट सेवाएं

 

 

 

 

कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल): विदेश मंत्रालय और भारतीय डाक विभाग के संयुक्त प्रयासों से गढ़वाल क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी सुविधा मिली है। शनिवार को डाक घर पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK), कोटद्वार का लोकार्पण पबित्र मार्घेरिटा द्वारा अनिल बलूनी की उपस्थिति में किया गया।

इस अवसर पर ऋतु खंडूरी भूषण, दिलीप सिंह रावत, राज कुमार पोरी और शैलेन्द्र सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में विदेश मंत्रालय से एस. कोवेंथन, अनुज स्वरुप तथा डाक विभाग से अनुसूया प्रसाद चमोला सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि पबित्र मार्घेरिटा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पासपोर्ट सेवाओं को नागरिकों के नजदीक लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में 450 से अधिक POPSK और 93 पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित हो रहे हैं, जिससे लोगों को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं मिल रही हैं।

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब पासपोर्ट बनवाने के लिए दूर-दराज के शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर कुछ आवेदकों को प्रतीकात्मक रूप से पासपोर्ट भी वितरित किए गए।

इस नई सुविधा के शुरू होने से गढ़वाल क्षेत्र के नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी, जिससे सेवा प्रणाली अधिक सुलभ, तेज और प्रभावी बनेगी।

(Visited 469 times, 1 visits today)