देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ अगले 125 दिनों तक राज्य के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में 240 शिविरों का आयोजन करेगा, जहां गरीब, जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाया जाएगा।
मौके पर ही होगा समस्याओं का समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि लाभार्थियों को तुरंत सेवाएँ और योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर समाज कल्याण अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल, माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, पूर्व विधायक प्रणव चैंपियन सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
