देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दोपहर सचिवालय से सीधे आईएसबीटी देहरादून पहुँचकर व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के अचानक पहुँचने से प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने परिसर में स्वच्छता, यात्रियों की सुविधा, संचालन व्यवस्था और परिवहन प्रबंधन का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएम धामी कई स्थानों पर फैली गंदगी देखकर नाराज दिखे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आईएसबीटी जैसे सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई कर अधिकारियों को संदेश दिया कि स्वच्छता केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखनी चाहिए।
सीएम ने परिवहन विभाग और एमडीडीए अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, स्वच्छता के सूचना-पट लगाए जाएँ, और यात्रियों को प्रदूषण तथा कचरे से मुक्त वातावरण मिले।
उन्होंने एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को विशेष रूप से आदेशित किया कि आईएसबीटी में स्वच्छता और व्यवस्था सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर तत्काल लागू की जाए।
मुख्यमंत्री ने बस संचालन व्यवस्था, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, पेयजल सुविधा, शौचालय, दुकानों और सुरक्षा प्रबंधों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड एक महत्वपूर्ण पर्यटन एवं तीर्थ राज्य है, जहाँ हर साल लाखों-करोड़ों पर्यटक और श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में परिवहन केंद्रों पर उच्च स्तरीय स्वच्छता और सुविधा व्यवस्था राज्य की प्राथमिकता है।
आईएसबीटी में मौजूद यात्रियों से भी उन्होंने मुलाकात कर फीडबैक लिया। उन्होंने पूछा कि यात्रा के दौरान उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ता है और यहाँ क्या सुधार किए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों के सुझाव ही व्यवस्था सुधार का आधार होते हैं।
सीएम धामी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार जल्द ही पूरे प्रदेश में जनसहभागिता आधारित व्यापक स्वच्छता अभियान शुरू करने जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगली बार निरीक्षण में आईएसबीटी की सभी व्यवस्थाएँ पूरी तरह दुरुस्त मिलनी चाहिए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग और एमडीडीए के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
