पीएम मोदी करेंगे दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन

 

 

 

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई को आखिरकार अपना नया स्थायी दफ़्तर मिल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी दिनों में दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग स्थित इस नए कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इस बात की जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी।

35 साल बाद बदला ठिकाना

दिल्ली भाजपा अब तक 14 पंडित पंत मार्ग स्थित दफ़्तर से काम कर रही थी। सचदेवा ने बताया कि पार्टी का पहला कार्यालय अजमेरी गेट पर बना था, उसके बाद रकाबगंज रोड पर कुछ समय तक कार्यालय रहा और फिर लगभग 35 वर्षों तक पंत मार्ग से संगठन संचालित हुआ। अब पार्टी को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर अपना आधुनिक भवन मिल गया है।

जेपी नड्डा ने किया था भूमि पूजन

प्रदेश अध्यक्ष ने याद दिलाया कि 9 जून 2023 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस कार्यालय के लिए भूमि पूजन किया था। लंबे समय से लंबित जमीनी विवादों का समाधान कर निर्माण कार्य पूरा किया गया है।

उद्घाटन में होंगे वरिष्ठ नेता

नए कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि यह कार्यक्रम सप्तमी नवरात्रि के पावन दिन पर आयोजित किया जा रहा है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन

लगभग 825 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने इस नए कार्यालय भवन में दो बेसमेंट हैं, जहां 50 वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था है।

  • भूतल पर प्रेस वार्ता के लिए सम्मेलन कक्ष, एक भव्य स्वागत कक्ष और कैंटीन बनाई गई है।

  • पहली मंजिल पर 300 लोगों की क्षमता वाला सभागार है।

  • दूसरी और तीसरी मंजिल पर प्रदेश महासचिवों, सचिवों और उपाध्यक्षों के कार्यालय होंगे।

  • सर्वोच्च मंजिल पर प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महासचिव के लिए कार्यालय बनाए गए हैं।

मिशन: हर जिले में भाजपा कार्यालय

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि संगठन का लक्ष्य हर राज्य की राजधानी और हर जिले में पार्टी कार्यालय बनाना है। इसी मिशन के तहत दिल्ली के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में अब अपने-अपने कार्यालय मौजूद हैं।

(Visited 3,356 times, 1 visits today)