देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित ‘आत्मनिर्भर भारत – स्वदेशी संकल्प, हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से संवाद करते हुए कहा कि स्वदेशी केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की मजबूत नींव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी की परंपरा प्राचीन काल से ही हमारी जीवन पद्धति का हिस्सा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए 2047 तक आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी का संकल्प किसानों, कारीगरों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों के सम्मान से भी जुड़ा हुआ है।
स्वतंत्रता संग्राम से आधुनिक भारत तक
सीएम धामी ने कहा कि ऐतिहासिक दृष्टि से देखा जाए तो स्वदेशी आंदोलन ने स्वतंत्रता संग्राम में नई ऊर्जा का संचार किया। लोकमान्य तिलक, महर्षि अरविंद और महात्मा गांधी जैसे नेताओं ने इसे राष्ट्रनिर्माण का आधार बनाया। स्वतंत्रता के बाद भी पं. दीनदयाल उपाध्याय और दत्तोपंत ठेंगड़ी ने स्वदेशी आधारित आर्थिक दृष्टिकोण को आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि आज स्वदेशी का स्वरूप केवल खादी और दीयों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ब्रह्मोस मिसाइल, तेजस विमान, सेमीकंडक्टर, डिजिटल इंडिया और यूपीआई जैसी आधुनिक तकनीकों तक फैल चुका है। कोरोना काल में पीपीई किट और वैक्सीन निर्माण इसका जीवंत उदाहरण है।
उत्तराखंड की पहल
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ नामक अंब्रेला ब्रांड के तहत स्थानीय उत्पादों के विपणन की पहल की है। एक जिला–दो उत्पाद योजना के माध्यम से किसानों और काश्तकारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे किसान शहद, मंडुवा, झंगोरा, रागी, मसालों और औषधीय पौधों की खेती कर आत्मनिर्भर भारत की यात्रा में अहम योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और लघु उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। युवाओं को स्टार्टअप और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्वदेशी उद्यमिता की ओर प्रेरित किया जा रहा है।
त्योहारों पर स्वदेशी को प्राथमिकता दें
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि नवरात्र, दशहरा, दीपावली और विवाह जैसे अवसरों पर दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें।
विकसित भारत की ओर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हमें स्वदेशी को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम सभी मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ मंत्र को आत्मसात करें और सामूहिक प्रयासों से भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ें।
