TMP: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल, देहरादून में आयोजित ‘नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान’ समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकार एस.आर. हरनोट को ‘नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान’ से सम्मानित किया।
नरेंद्र सिंह नेगी की सांस्कृतिक धरोहर पर बोले सीएम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी ने अपने गीतों के माध्यम से हर उत्तराखंडवासी के दिल को छुआ है। उन्होंने कहा कि नेगी जी ने लोक जीवन की पीड़ा, प्रेम, संघर्ष और सौंदर्य को अपने गीतों के माध्यम से जीवंत किया और राज्य की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की।
सीएम ने आगे कहा कि नेगी जी ने पलायन की वेदना, पर्यावरण की चिंता और पहाड़ी महिलाओं के जीवन संघर्ष पर कई मार्मिक गीत लिखे। उनके गीतों और लोकधुनों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया और विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया।
लोक कला संरक्षण को सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में जागर, बेड़ा, मांगल, खुदेड़ जैसे पारंपरिक गीत हमारी जीवन शैली और भावनाओं के प्रतीक हैं। इन गीतों को ढोल, दमाऊ, हुरका, मशाक, तुर्री, भंकोरा और हारमोनियम जैसे वाद्य यंत्र और भी जीवंत बनाते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार लोक कलाओं को संरक्षित और समृद्ध करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कोरोना काल के दौरान राज्य सरकार ने लगभग 3,200 सूचीबद्ध लोक कलाकारों को प्रतिमाह ₹2,000 की आर्थिक सहायता दी थी। वहीं, 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्ध और अस्वस्थ लोक कलाकारों को सरकार ₹3,000 प्रतिमाह पेंशन भी दे रही है।
राज्य सरकार छह माह की लोक प्रशिक्षण कार्यशालाओं का भी आयोजन कर रही है, ताकि युवा पीढ़ी पारंपरिक लोक संस्कृति और उसकी महत्ता को समझ सके।
साहित्यकारों और भाषाओं के संरक्षण पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि सरकार ‘उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान’, ‘साहित्य भूषण’ और ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट’ पुरस्कारों के माध्यम से उत्कृष्ट साहित्यकारों को सम्मानित कर रही है। साथ ही स्थानीय भाषाओं और बोलियों के संरक्षण के लिए भी सतत प्रयास जारी हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ अपनी भाषायी विरासत से जुड़ी रहें।
समारोह में विशिष्ट जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, एस.पी. सेमवाल, डॉ. नवीन बलूनी, डॉ. ईशान पुरोहित, अपर सचिव ललित मोहन रयाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
