एएनआई: एनसीपी के वरिष्ठ नेता दीपक मानकर ने प्रधानमंत्री कार्यालय और स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि सभी नागरिकों के आधार कार्ड में उनका ब्लड ग्रुप अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। उनका कहना है कि यह निर्णय आपातकालीन परिस्थितियों में कई लोगों की जान बचा सकता है।
हादसों और आपदा में तेजी से इलाज संभव
मानकर ने उदाहरण देते हुए कहा कि अहमदाबाद प्लेन क्रैश और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान खून बहने की वजह से लोगों की जान पर बन आई थी। यदि सभी के आधार कार्ड पर ब्लड ग्रुप की जानकारी होती, तो तुरंत खून का प्रबंध किया जा सकता था।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और आपदाओं में मरीज का ब्लड ग्रुप न पता होने से इलाज में देरी होती है। यदि आधार में ब्लड ग्रुप की जानकारी होगी, तो डॉक्टर बिना समय गंवाए इलाज शुरू कर सकेंगे।
डॉक्टरों और अस्पतालों को होगा फायदा
दीपक मानकर ने कहा, “आधार कार्ड हर जगह जरूरी दस्तावेज है। इसमें ब्लड ग्रुप शामिल करने से डॉक्टरों और अस्पतालों को इलाज में मदद मिलेगी और इमरजेंसी में कई जिंदगियां बच सकेंगी।”
पीएम मोदी और स्वास्थ्य मंत्री से सिफारिश
एनसीपी नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से अनुरोध किया कि आधार कार्ड में ब्लड ग्रुप जोड़ने की नीति पर जल्द निर्णय लिया जाए, ताकि देशभर में जरूरतमंदों की तुरंत मदद की जा सके।
