TMP: केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर बाबा केदार के प्रति अपनी गहन आस्था प्रकट की। बुधवार देर शाम उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से केदारनाथ में अपने पूर्व प्रवास की भावुक तस्वीरें साझा कीं।
इन तस्वीरों के जरिए प्रधानमंत्री ने अपनी आध्यात्मिक स्मृतियों को देशवासियों के साथ साझा किया, जो करोड़ों श्रद्धालुओं के हृदय को छू रही हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह पहल बाबा केदार से प्रधानमंत्री के गहरे आध्यात्मिक संबंध को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संवाद चारधाम यात्रा को आत्मिक जागरण की यात्रा के रूप में भी स्थापित करता है, जो देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
“हर हर महादेव” के जयघोष के बीच प्रधानमंत्री की यह श्रद्धाभिव्यक्ति भक्तों के उत्साह को और बढ़ा रही है और पूरे देश में भक्ति का माहौल बना रही है।
इससे पूर्व प्रधानमंत्री ने चारधाम यात्रा को भारत की सांस्कृतिक एकात्मता का प्रतीक बताते हुए श्रद्धालुओं से ‘डिजिटल उपवास’ अपनाने और स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा, ‘वोकल फॉर लोकल’ तथा अनुशासन जैसे संकल्पों का पालन करने का आह्वान किया।
