अब DTH पर भी मिलेगा आपदा अलर्ट, उत्तराखंड में नई चेतावनी प्रणाली का सफल परीक्षण

 

 

 

 

Dehradun: उत्तराखंड में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को और अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब डीटीएच प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी आम लोगों तक आपदा और मौसम संबंधी अलर्ट पहुंचाए जाएंगे। इसके तहत राज्य में डीटीएच आधारित टेस्ट अलर्ट का सफल प्रसारण किया गया।

प्रथम चरण में यह परीक्षण Dehradun, Haridwar और Udham Singh Nagar जिलों में किया गया। परीक्षण के दौरान Tata Play, Airtel Digital TV, d2h और Dish TV जैसे प्रमुख डीटीएच प्लेटफॉर्म पर टीवी स्क्रीन पर टेस्ट अलर्ट संदेश दिखाई दिया। यह संदेश करीब 15 से 40 सेकंड तक स्क्रीन पर प्रदर्शित हुआ।

इस नई प्रणाली के माध्यम से फ्लैश फ्लड, भूस्खलन, भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और लू जैसी घटनाओं से पहले कुछ ही सेकंड में बड़े स्तर पर चेतावनी प्रसारित की जा सकेगी। टीवी स्क्रीन पर सीधे संदेश दिखने से लोगों का तत्काल ध्यान आकर्षित होगा और समय रहते सतर्कता बरतने में मदद मिलेगी। इससे जन-धन के नुकसान को कम करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

Vinod Kumar Suman ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है, इसलिए समय पर चेतावनी आमजन तक पहुंचना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि डीटीएच आधारित अलर्ट प्रणाली आपदा पूर्व चेतावनी तंत्र को अधिक व्यापक, त्वरित और प्रभावी बनाएगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अर्ली वार्निंग सिस्टम को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि किसी भी आपदा या गंभीर मौसमीय परिस्थिति में समय रहते सटीक सूचना उपलब्ध कराकर नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

गौरतलब है कि 2 मई को National Disaster Management Authority और Centre for Development of Telematics (सी-डॉट) द्वारा उत्तराखंड सहित पूरे देश में सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के जरिए अलर्ट भेजने का सफल परीक्षण भी किया गया था। इस तकनीक के तहत प्रभावित क्षेत्र के मोबाइल टावरों की सीमा में आने वाले सभी उपभोक्ताओं को स्वतः चेतावनी संदेश प्राप्त होंगे। खास बात यह है कि इस प्रणाली के लिए इंटरनेट या किसी ऐप की आवश्यकता नहीं होगी, केवल मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध होना जरूरी होगा।

(Visited 324 times, 1 visits today)