79वें स्वतंत्रता दिवस पर परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण, सीएम धामी ने की 6 बड़ी घोषणाएं

 

 



देहरादून:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में परेड ग्राउंड, देहरादून में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस व फायर सर्विस कर्मियों को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक और मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। विभिन्न खेलों में उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने राज्यहित में 6 बड़ी घोषणाएं की—

  1. मिड-डे मील योजना वाले सभी स्कूलों में गैस सिलेंडर और चूल्हे की व्यवस्था।

  2. पेयजल आपूर्ति में कठिनाई वाले विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 हैंडपंप।

  3. ग्राम चौकीदार व ग्राम प्रहरी के मानदेय में ₹1,000 की वृद्धि।

  4. सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में ₹2,000 की वृद्धि।

  5. उच्च शिक्षा के लिए प्रत्येक जनपद में विशेष शैक्षणिक केंद्र।

  6. हिमालयी ग्लेशियरों का नियमित अध्ययन और आपदा प्रबंधन को और मजबूत करना।

अपने संबोधन में सीएम धामी ने वीर बलिदानियों, स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया, आपदा प्रभावित क्षेत्रों के प्रति संवेदना जताई और पुनर्वास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, उद्योग और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में निर्णायक कदम उठा रही है।

सीएम ने बताया कि राज्य में धार्मिक, साहसिक और वेलनेस टूरिज्म, स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप, स्टार्टअप इकोसिस्टम, खेल अकादमियां, नई योग नीति, ऑर्गेनिक ब्रांड “हाउस ऑफ हिमालयाज”, किसानों के लिए विशेष योजनाएं, मंदिरमाला मिशन, डिजिटल गवर्नेंस, ऑल वेदर रोड, रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी जैसे कार्य तेज़ी से हो रहे हैं। उन्होंने बेरोजगारी दर में कमी, नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और धर्मांतरण रोधी सख्त कानून जैसे कदमों को राज्य की उपलब्धियां बताया।

(Visited 802 times, 1 visits today)