हिन्दी को सिर्फ दिवस तक सीमित न रखें, रोजमर्रा में अपनाएं: मुख्यमंत्री धामी

 

 

 

देहरादून: हिन्दी दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से हिन्दी को दैनिक जीवन में अधिक से अधिक अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिन्दी का सम्मान केवल एक भाषा का सम्मान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सभ्यता और पहचान से जुड़ा विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिन्दी ने देश के अलग-अलग हिस्सों और समुदायों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी हिन्दी जनजागरण और लोगों को एक सूत्र में बांधने का प्रभावी माध्यम बनी।

उन्होंने कहा कि भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के बीच हिन्दी एकता की भावना को मजबूत करने वाली कड़ी है। यह लोगों की भावनाओं, आकांक्षाओं और भारतीयता को अभिव्यक्त करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार हिन्दी के संरक्षण, संवर्धन और प्रोत्साहन के लिए लगातार कार्य कर रही है। हिन्दी के गौरव को बनाए रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि हिन्दी दिवस को महज औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए हिन्दी के प्रयोग को अपने रोजमर्रा के व्यवहार का हिस्सा बनाएं और राजभाषा के सम्मान व विकास में योगदान दें।

(Visited 1 times, 1 visits today)