ऋषिकेश में अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव: 20 हजार से ज्यादा योग साधकों का जुटान, संतों और कलाकारों का होगा महासंगम

 

 

DEHRADUN : ऋषिकेश में 1 से 7 मार्च तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में धर्म, अध्यात्म और योग जगत की प्रमुख हस्तियां एक मंच पर जुटेंगी। इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

योग साधकों का महासंगम, बड़े संतों और योगाचार्यों का मिलेगा सानिध्य

गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) और पर्यटन विभाग द्वारा गंगा रिसॉर्ट, ऋषिकेश में आयोजित इस भव्य महोत्सव में इस बार 20,000 से अधिक योग साधकों और प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। महोत्सव में स्वामी अवधेशानंद गिरी, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी आत्मस्वरूप, जया किशोरी और अक्षत गुप्ता जैसी प्रतिष्ठित आध्यात्मिक हस्तियां मार्गदर्शन करेंगी।

सांस्कृतिक संध्या में झूमेंगे दर्शक, लोक नृत्य से लेकर इंडियन ओशन तक का जलवा

हर दिन की सांस्कृतिक संध्या भी विशेष होगी, जहां इंडियन ओशियन, प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरां, नरेंद्र सिंह नेगी सहित उत्तराखंड के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

विशेषज्ञों के योग सत्र, 42 देशों से बढ़ सकती है विदेशी मेहमानों की संख्या

महोत्सव में ग्रैंड मास्टर अक्षर, योगी अभिषेक सोती, योगिनी उषा माता, डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी, डॉ. अर्पिता नेगी, योगिनी उर्मिला पांडेय और मेघा चौधरी के विशेष योग सत्र होंगे। बीते वर्ष 42 देशों के 890 विदेशी मेहमानों ने भाग लिया था और इस बार यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

ग्रीन थीम पर आधारित होगा आयोजन, गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान

GMVN के एमडी विशाल मिश्रा ने बताया कि इस बार महोत्सव ग्रीन थीम पर केंद्रित होगा। इसके तहत आयोजन स्थल और गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों माध्यमों से हो रहा पंजीकरण

योग महोत्सव में भाग लेने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण की सुविधा दी गई है। इच्छुक प्रतिभागी https://gmvnonline.com पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं।

CM धामी का बयान:

“ऋषिकेश सदियों से योग की भूमि रही है, यही कारण है कि देश-विदेश के योग साधक यहां खींचे चले आते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के फिट इंडिया अभियान में भी योग की अहम भूमिका है, और अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड

(Visited 455 times, 1 visits today)