टनकपुर: मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन, आनन्द बर्द्धन ने आज टनकपुर/शारदा बैराज, शारदा घाट, किरोड़ा नाला, बूम, बाटनागाड़ एवं श्यामलाताल क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण कर विकास एवं बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया।
शारदा बैराज पर पर्यटन व एरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं की समीक्षा
टनकपुर/शारदा बैराज के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने यहां पर्यटन एवं एरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की और इन गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु जरूरी आधारभूत सुविधाओं के विकास के निर्देश दिए।
शारदा कॉरिडोर व स्पान पुल निर्माण कार्य का लिया जायजा
शारदा घाट, टनकपुर स्थित शारदा कॉरिडोर परियोजना की जमीनी स्थिति का निरीक्षण करते हुए मुख्य सचिव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने ब्रिडकुल के अधिकारियों से 480 मीटर लंबे स्पान पुल की विस्तृत जानकारी ली तथा निर्माण कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता एवं उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बूम व बाटनागाड़ में भू-कटाव का निरीक्षण, प्रभावी बाढ़ सुरक्षा के निर्देश
मुख्य सचिव श्री बर्द्धन ने बूम व बाटनागाड़ क्षेत्रों में हो रहे भू-कटाव का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को पूर्ण चैनलाइजेशन के बाद प्रभावी बाढ़ सुरक्षा कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शारदा नदी के तट पर पहुंचकर उन्होंने सिंचाई विभाग को समग्र कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।
माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्य सचिव ने बाटनागाड़ क्षेत्र का निरीक्षण किया और तीर्थ मार्ग के सुधार एवं यात्री सुविधाओं के विकास हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्यामलाताल में Spiritual Economic Zone व Eco Tourism की समीक्षा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के अनुरूप चम्पावत जनपद में विकसित किए जा रहे Spiritual Economic Zone एवं Eco Tourism को सुदृढ़ करने हेतु मुख्य सचिव ने श्यामलाताल क्षेत्र का निरीक्षण किया।
यहां उन्होंने कृषि, उद्यान एवं एनआरएलएम द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा लाल चावल, लाल धान, मधुमक्खी पालन व अन्य स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ इनके लिए बाजार उपलब्धता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्य सचिव को श्यामलाताल सहित सभी स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई।
