देहरादून: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज मतदान जारी है। प्रचार शनिवार शाम को थमने के बाद रविवार सुबह से ही प्रदेश के 40 विकासखंडों में मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा।
इस चरण में कुल 14,761 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 21 लाख मतदाता करेंगे। ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान हो रहा है:
-
ग्राम पंचायत सदस्य: 933 पदों के लिए 1,998 प्रत्याशी
-
ग्राम प्रधान: 2,726 पदों के लिए 7,833 प्रत्याशी
-
क्षेत्र पंचायत सदस्य: 1,225 पदों के लिए 4,214 प्रत्याशी
-
जिला पंचायत सदस्य: 14 पदों के लिए 716 प्रत्याशी
रामनगर में मतदान:
रामनगर में मतदान सुबह से ही जोश के साथ जारी है। कुल 76,848 पंजीकृत मतदाताओं के लिए 134 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 20 संवेदनशील और 25 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और प्रशासन पूरे मतदान क्षेत्र पर नजर रखे हुए है।
नैनीताल जिले में सुरक्षा के साथ मतदान:
नैनीताल जिले के हल्द्वानी, भीमताल, रामनगर और कोटाबाग विकासखंडों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। इन चार विकासखंडों में कुल 522 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 13 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
चंपावत और बाराकोट में भी उत्साह:
चंपावत जिले के चंपावत व बाराकोट विकासखंडों में सुबह से ही शांतिपूर्ण मतदान जारी है। चंपावत में 159 और बाराकोट में 59 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मतदाताओं में उत्साह और मतदान के प्रति जागरूकता स्पष्ट रूप से नजर आई।
चमोली जिले में शांतिपूर्ण मतदान:
चमोली के दशोली, नंदानगर, गैरसैंण, कर्णप्रयाग और पोखरी विकासखंडों में कुल 411 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रूप से चल रही है। इन क्षेत्रों के 1,80,232 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं और सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
इन 40 विकासखंडों में मतदान जारी:
सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, हवालबाग, द्वाराहाट, रूद्रपुर, काशीपुर, जसपुर, चंपावत, बाराकोट, विण, मूनाकोट, बेरीनाग, गंगोलीहाट, हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल, कोटाबाग, डुंडा, चिन्यालीसौड़, भटवाड़ी, पोखरी, दशोली, नंदानगर, कर्णप्रयाग, गैरसैंण, कीर्तिनगर, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, चंबा, डोईवाला, रायपुर, सहसपुर, यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पौड़ी, कोट और कल्जीखाल।
उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का दूसरा चरण लोकतंत्र के जश्न में बदल चुका है। हर उम्र, हर वर्ग के लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतांत्रिक भागीदारी निभा रहे हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ डटा हुआ है।
