TMP: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर गुरुवार को देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।
देहरादून पहुंचने के बाद भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊं और आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया। पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। सांसद तीरथ सिंह रावत, अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, नरेश बंसल और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज समेत कई दिग्गज नेताओं ने भी उनसे मुलाकात की।
अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन संगठन और सरकार के कामकाज की समीक्षा करेंगे। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों, सांसदों और विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति, संगठन की मजबूती और जनता के बीच सरकार की छवि जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इस बार केवल बड़ी रैलियों और चुनावी घोषणाओं पर निर्भर रहने के बजाय बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, लाभार्थियों तक सीधा संपर्क बढ़ाने और छोटे लेकिन प्रभावी कार्यक्रमों पर फोकस कर रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को इसी रणनीति के तहत चुनावी जीत का मंत्र देंगे।
29 मई को नितिन नवीन टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसी दिन वे पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। वहीं, दौरे के तीसरे दिन बूथ समिति, मंडल कार्यकारिणी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ संगठनात्मक बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया है।
इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में भी हिस्सा लेंगे। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, नितिन नवीन का यह दौरा भाजपा के ‘मिशन 2027’ की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
