“चिकित्सकों का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान” – दून में विवेकानंद जयंती पर बोले RSS के आलोक कुमार

 

 

 

 

देहरादून: स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती पर दून मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार ने चिकित्सा सेवा को राष्ट्र सेवा से जोड़ते हुए इसे भारत की गरिमा से जुड़ा विषय बताया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान करना वास्तव में देश का सम्मान करना है।

स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी की ओर से आयोजित इस समारोह में आलोक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत उनके साथ जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज और कार्यक्रम अध्यक्ष अशोक कुमार विंदलस द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र और सोसाइटी की 13 वर्षों की सेवा यात्रा को भी प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में हेल्थ मिशन की कॉफी टेबल बुक और वार्षिक कैलेंडर का भी विमोचन किया गया, साथ ही सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

आलोक कुमार ने कहा कि प्राचीन भारत में वैद्य सेवा को व्यापार नहीं बल्कि साधना मानते थे, लेकिन आज के दौर में परिस्थितियां बदल गई हैं। ऐसे में सरकार और समाज दोनों को मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना होगा। उन्होंने विवेकानंद हेल्थ मिशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था जमीनी स्तर पर जरूरतमंदों तक चिकित्सा पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने अपने संबोधन में करुणा और सेवा को मानव जीवन की आत्मा बताया। उन्होंने कहा कि आज लोग सौंदर्य और सुविधा पर तो खर्च कर रहे हैं, लेकिन मानवीय मूल्यों और करुणा को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कठिन समय में जीवन की रक्षा करने वाले चिकित्सक ईश्वर के समान होते हैं और इतने कम समय में 15 अस्पतालों का निर्माण अपने आप में सेवा और समर्पण की मिसाल है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अशोक कुमार विंदलस ने सभी अतिथियों और सहभागियों का आभार जताया। इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी, प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र, प्रचार प्रमुख संजय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

(Visited 593 times, 1 visits today)