टिहरी में दर्दनाक हादसा: कांवड़ यात्रियों से भरा ट्रक पलटा, तीन की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

 

 

देहरादून: टिहरी जनपद में खाड़ी के पास कांवड़ यात्रियों से भरा ट्रक पलटने से तीन श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

जिलाधिकारी टिहरी ने बताया कि बुधवार सुबह यह दुर्घटना खाड़ी से दो किलोमीटर आगे हुई, जब एक ट्रक जिसमें 18 कांवड़ यात्री सवार थे, अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रशासन की ओर से तत्काल राहत और बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जबकि अन्य को नरेंद्र नगर अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सीधा कर लिया गया है और मार्ग को सामान्य कर दिया गया है।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घायलों के समुचित इलाज के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं और दुर्घटना की जांच भी प्रारंभ कर दी गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी यात्रा सुरक्षा गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क किया गया है।

(Visited 1,037 times, 1 visits today)